अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में नवांगतुक छात्रों की व्हाइट कोट व शपथ सेरेमनी आयोजित
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज (MAMC), अग्रोहा में नए शैक्षणिक सत्र के नवांगतुक विद्यार्थियों के लिए भव्य 'व्हाइट कोट सेरेमनी' एवं 'शपथ ग्रहण समारोह' का आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रख्यात सैन्य चिकित्सक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. डी.पी. वत्स बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि संस्थान के निदेशक डॉ. करनदीप सिंह, प्रशासनिक सलाहकार डॉ. एन.ए. पंडित तथा पैरामेडिकल निदेशक डॉ. आशुतोष शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह के दौरान नवांगतुक विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे के प्रतीक स्वरूप पारंपरिक सफेद कोट पहनाकर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें चिकित्सा आचार संहिता, सेवा व समर्पण की शपथ दिलाई गई। अपने प्रेरणादायी अभिभाषण में मुख्य अतिथि जनरल डॉ. डी.पी. वत्स ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफेद कोट केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि यह विश्वास, दया, त्याग और मानवता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र संकल्प है, इसलिए भावी डॉक्टरों को तकनीकी ज्ञान और कौशल के साथ-साथ अपने भीतर मानवीय संवेदनाओं व नैतिक मूल्यों को हमेशा जीवित रखना चाहिए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने भी नवांगतुक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित किया। संपूर्ण समारोह के कुशल प्रबंधन व संचालन में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. दलबीर कौर, डॉ. शालिनी वीरानी और डॉ. हरीश अग्रवाल की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक, संकाय सदस्य एवं नवांगतुक विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।
