वार्ड नंबर 11 को मिली 40 लाख के विकास कार्यों की सौगात, पार्षद राजन शर्मा ने नारियल फोड़कर कराया निर्माण कार्य शुरू

 

सिरसा। वार्ड नंबर 11 में विकास कार्यों को गति देते हुए भगत सिंह नगर की गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वार्ड पार्षद राजन शर्मा ने वार्डवासियों की मौजूदगी में विधिवत नारियल फोड़कर करीब 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गलियों के निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।

इस विकास कार्य के तहत भगत सिंह नगर क्षेत्र में डॉक्टर पेंसिया हॉस्पिटल वाली मुख्य गली सहित आसपास की गलियों का पक्का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है, क्योंकि लंबे समय से इस मार्ग के नवीनीकरण की मांग की जा रही थी। इस मौके पर पार्षद राजन शर्मा ने क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए पूर्व विधायक गोपाल कांडा, वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा और नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप का विशेष आभार व्यक्त किया। पार्षद राजन शर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर 11 के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। शहर के नेतृत्व और नगर परिषद के सहयोग से वार्ड में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। वार्ड वासियों ने राजन शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि वार्ड में लंबे समय से इस गली के निर्माण की मांग थी, इसको प्राथमिकता देते हुए आज इसका शुभारंभ किया गया हैं। शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में भगत सिंह नगर के निवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने विकास कार्यों की शुरुआत पर पार्षद व नगर परिषद प्रशासन का धन्यवाद किया।