20 नवंबर तक एसआईआर के दौरान छूटे मतदाताओं को नाम जुड़वाने का मिलेगा एक और मौका
भिवानी, 10 नवंबर
एसआईआर के दौरान छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवासन की अध्यक्षता में वीसी आयोजित हुई। वहीं लघु सचिवालय स्थित वीसी रूम में एसडीएम महेश कुमार व निर्वाचन विभाग से संबंधित अधिकारी वीसी से जुडे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीसी से जुड़े प्रदेशभर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
वहीं एसडीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित ऐसे मतदाताओं को राहत देते हुए उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए 20 नवंबर 2026 तक एक और अवसर प्रदान किया है। जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में प्रपत्र वापस नहीं मिलने के कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए, वे अब दोबारा आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के 6 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार, ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी पठनीय पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध करवाई जाएगी। सूची में नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख होगा।
आयोग के निर्देशानुसार संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान की विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के पास भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं से संपर्क करेंगे और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के सहयोग से उन्हें प्रपत्र भरने एवं जमा करवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे।
जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकेंगे, जिसमें पहले प्रपत्र जमा नहीं करवाने का कारण बताना होगा। वहीं, प्रदेश के भीतर दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाताओं को फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें नए पते और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देते हुए गणना प्रपत्र के साथ अनुलग्नक-सी तथा पते का प्रमाण संबंधित ईआरओ/एईआरओ के पास जमा करवाना होगा। बेघर व्यक्तियों के मामले में, यदि कोई निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से ईसीआईएनईटी ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन भर सकते हैं। आयोग ने बीएलओ को उपलब्ध मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप, ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र और घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को इन निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी पात्र मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का अवसर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की निगरानी करने तथा मतदाता सूची में दोहराव से बचाव सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
