हिसार,
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हिसार में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. रविंदर झोरड़ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस की नशा मुक्ति टीम के सब-इंस्पेक्टर हवा सिंह, पर्वतारोही मीनू कालीरावण और एशियाई खेलों में पदक विजेता कराटे खिलाड़ी विजेता मूंदलिया ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर हवा सिंह ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन अपनाकर ही युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। पर्वतारोही मीनू कालीरावण और कराटे खिलाड़ी विजेता मूंदलिया ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुडक़र युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर सकते हैं और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी मनोज कुमार और राहुल ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया और बताया कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ रविंदर झोरड़ ने युवाओं से नशे से दूर रहने, मतदान के प्रति जागरूक बनने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक ललित कुमार, दीपक कटारिया, सुधीर, राजेश, ऋतु अरोड़ा, सदानंद, राकेश, सुमित, मनोज, सुनील, मंजीत, बलविंद्र, मोनिका, अनीता, सुमन, राखी, प्रमिला सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
