हांसी के कुतुबपुर में ग्रामीणों ने बताईं अपनी समस्याएं, विधायक भयाना ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

 
 हांसी के कुतुबपुर में ग्रामीणों ने बताईं अपनी समस्याएं, विधायक भयाना ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

हांसी | गांव कुतुबपुर की मुख्य चौपाल पर जनसमस्या समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हांसी विधायक विनोद भयाना ने शिरकत कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया, वहीं युवा सरपंच ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की ओर से ग्रामीणों की विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र विधायक को सौंपा गया। सामाजिक कार्यकर्ता राहुल शर्मा ने मंच से मांग पत्र पढ़कर सुनाया और समस्याओं की जानकारी विधायक को दी।

विधायक विनोद भयाना ने ग्रामीणों की सभी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव के विकास से जुड़ी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। विधायक ने ग्रामीणों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की जानकारी सीधे प्रशासन व संबंधित विभागों तक पहुंचाने की अपील की।

ग्रामीणों ने गांव के जलघर में भाखड़ा का पानी उपलब्ध करवाने, बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण, खारे पानी वाले ट्यूबवेल कनेक्शन हटाने, नई पाइपलाइन बिछाने और नया चैंबर बनवाने की मांग रखी। इसके अलावा युवाओं के लिए जिम हॉल, ई-लाइब्रेरी, बेहतर बस सेवा और जोहड़ के चारों ओर सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने गांव में गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था, चौकीदार व माली के रिक्त पद भरने तथा एससी-बीसी चौपाल के निर्माण के लिए स्वीकृत राशि जारी करवाने की मांग की। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को दूसरी किस्त दिलवाने का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा गया। सामाजिक कार्यकर्ता राहुल शर्मा ने हांसी तहसील में राजस्व मामलों से जुड़ी कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। इस संबंध में संबंधित दस्तावेज व सबूत विधायक को सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई।

बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले नैतिक को किया सम्मानित :

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने वाले गांव कुतुबपुर के प्रतिभावान खिलाड़ी नैतिक को सम्मान राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने नैतिक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।