सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

 
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मातनहेल नागरिक अस्पताल में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं

झज्जर, 

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत वीरवार को नागरिक अस्पताल, मातनहेल में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जिला परिषद झज्जर के चेयरमैन  कप्तान बिरधाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में लगभग 150 मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच
मेगा हेल्थ कैंप के दौरान मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, ईसीजी और टेली-ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मरीजों को आवश्यकतानुसार एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां भी निशुल्क प्रदान की गईं। जिला नागरिक अस्पताल, झज्जर और वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज, झज्जर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
ग्रामीणों को घर के नजदीक मिल रहीं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्य अतिथि कप्तान बिरधाना ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मेगा हेल्थ कैंप आयोजित होने से लोगों को घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती हैं। ऐसे शिविर आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच व उपचार की सुविधा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने पर संतोष व्यक्त किया तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निभाई अहम भूमिका
शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. निधि मोमिया, डॉ. दिनेश कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी, तथा डॉ. विजय पूनिया, चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल मातनहेल सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।