नलवा हल्के के मंगाली गांव की विभिन्न पंचायतों में विभिन्न विकास कार्यों का हुआ उद्घाटन
हिसार, 07 अक्टूबर।
हरियाणा ग्रामीण विकास योजना, मनरेगा, पंचायती राज, एसएफसी, एचआरडीएफ, वैंगी, तथा डी-प्लान के तहत नलवा हल्के में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। विधायक रणधीर पनिहार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के जन्म दिवस पर वरिष्ठï भाजपा नेता पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने विकास कार्य का उद्घाटन करते हुए चौधरी भजनलाल को श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए जनसेवा और विकास के मार्ग पर आगे बढऩे का संकल्प दोहराया। मंगाली के बिश्नोई मंदिर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस दौरान गांव मंगाली अकलान में तीन विकास कार्यो, गांव मंगाली सुरतियां में चार, मंगाली मोहब्बत में दो, मंगाली ढाणी जाटान में चार तथा मंगाली झारा में विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि चौधरी भजनलाल ने हमेशा गांव और आमजन के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनकी सोच थी कि गांवों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और हर वर्ग को विकास का लाभ मिले। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए गांवों में सडक़, गली, जल निकासी, सामुदायिक स्थलों और अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, क्षेत्र के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
