“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम के साथ जिले में आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां
जिलाभर में 9 अक्टूबर तक मनाया जाएगा पोषण माह : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक में विशेष कार्य योजना तैयार
झज्जर,09 झज्जर
जिलाभर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आगामी 9 अक्टूबर तक पोषण माह-2026 मनाया जाएगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है।
यह जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने दी। डीसी अधिकारियों की बैठक में पोषण माह 2026 अभियान की समीक्षा कर रही थीं। इस बीच डीपीओ नेहा दहिया ने पोषण माह के दौरान चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना पोषण 2026 का उद्देश्य
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि पोषण माह का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों तथा छह वर्ष से कम आयु के बच्चों में पोषण संबंधी परिणामों में सुधार लाना तथा आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना है।
बैठक में पोषण माह के दौरान जिले में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की कार्ययोजना, विभागीय सहभागिता तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
डीसी ने बताया कि पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं प्रोटीन युक्त पोषण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक भागीदारी, प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल, शिक्षा एवं विकास तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रभावी केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिले एवं ब्लॉक स्तर पर पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण माह के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का तिथिवार विवरण सहित रिकॉर्ड तैयार किया जाए ।
आमजन से पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान
डीसी ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ साथ सभी संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा आमजन से पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। उन्होंने दोहराया कि “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए “सुपोषित परिवार, स्वस्थ समाज” के लक्ष्य के साथ पोषण को एक प्रभावी जन आंदोलन का रूप देना है। इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
