पर्यावरण संरक्षण एवं युवा जागरूकता के लिए वंदे मातरम् यूथ ब्रिगेड ने निकाली रैली

 
 पर्यावरण संरक्षण एवं युवा जागरूकता के लिए वंदे मातरम् यूथ ब्रिगेड ने निकाली रैली

भिवानी, 2 नवंबर।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से वंदे मातरम् यूथ ब्रिगेड द्वारा भिवानी के हुडा पार्क में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति तथा सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय, भिवानी के रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष श्री सतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रोफेसर डॉ.  रविकांत कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता वंदे मातरम् यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष प्रोफेसर मदन सिंह नवोदय ने की।
वंदे मातरम् यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष प्रो. मदन सिंह नवोदय ने कहा कि ब्रिगेड का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक, सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ना है। संगठन विभिन्न गांवों में संचालित यूथ क्लबों, सोसायटियों एवं विद्यार्थियों के समूहों को मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ उनके बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर समाज में जागरूकता और सामाजिक बदलाव लाना ही ब्रिगेड का प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्य अतिथि श्री सतीश कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहले हमें स्वयं से शुरुआत करनी होगी। सरकार या दूसरों को दोष देने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अपने स्तर पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे और अपने व्यवहार में बदलाव लाएंगे, तो धीरे-धीरे अन्य लोग भी इससे प्रेरित होंगे। इस प्रकार सामूहिक प्रयासों से व्यवस्थाओं में सुधार आएगा और एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर पर्यावरण का निर्माण संभव होगा।
उपसभापति प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वह अपने मित्र समूह के माध्यम से रचनात्मक कार्यों पर जोर दें व  छोटे से छोटे स्तर पर भी कुछ ना कुछ रचनात्मक कार्य जरूर करें।
कार्यक्रम के दौरान जनहित एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को ब्रिगेड की ओर से सम्मानित किया गया। इनमें दरखत फाउंडेशन, रोहतक की ओर से प्रोफेसर सुरेंद्र दलाल, आजाद सेवा दल, चरखी दादरी की ओर से परमजीत सांगवान तथा मेडूसा की ओर से संदीप कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ब्रिगेड के उपसभापति प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह, अभियान लीडर विजेंद्र सिंह लाइब्रेरी, प्रोफेसर दीपक, संदीप कुमार, गजेश, तरुण कुमार, वीर विक्रमादित्य यूथ ब्रिगेड के राजेश कुमार डीपी, विष्णु सिंह अन्य वॉलिंटियर्स, शहीद भगत सिंह यूथ क्लब सिरसा घोघड़ा के अध्यक्ष विकास कुमार, अनुज कुमार, आर्यावर्त सुंदर भारद्वाज, सौरभ, अजय, हर्ष, सुंडा, रोहित ,रिषभ आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।