आजाद नगर में खुलेगा अर्बन हेल्थ सेंटर, 13 कनाल 2 मरला जमीन स्वास्थ्य विभाग को मिली
हिसार । आजाद नगर क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं नजदीकी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण के लिए 13 कनाल 2 मरला भूमि स्वास्थ्य विभाग को नि:शुल्क हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की है।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अर्बन हेल्थ सेंटर बनने से आजाद नगर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध होंगी। विधायक रणधीर पनिहार ने इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी।
