पोर्टल पर अपडेट करें शिकायतों की स्थिति, समाधान के बाद शिकायतकर्ता को भी दें जानकारी: उपायुक्त महेंद्र पाल

 
पोर्टल पर अपडेट करें शिकायतों की स्थिति, समाधान के बाद शिकायतकर्ता को भी दें जानकारी: उपायुक्त महेंद्र पाल

उपायुक्त ने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर देरी न करने के दिए


हिसार,


उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली जनशिकायतों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय में निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ऐसे में अधिकारी प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करें और शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति से अवगत करवाएं।
यह निर्देश उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने शिविरों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निपटारा हो चुका है, उन्हें संबंधित पोर्टल पर समय रहते अपडेट किया जाए, ताकि लंबित मामलों की सही स्थिति सामने आ सके। इसके अलावा जिन शिकायतों पर कार्रवाई बाकी है, उनकी नियमित निगरानी की जाए और संबंधित विभाग आपसी तालमेल से उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समाधान के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दी जाए, क्योंकि शिकायत निवारण में नागरिक की संतुष्टि भी महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला और उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इनमें नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करें। समीक्षा बैठकों से पहले लंबित मामलों की पूरी जानकारी भी तैयार रखें।
इस  अवसर पर एसीयूटी विवेक यादव, नगराधीश रोहित कुमार, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डïा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।