मक्के की रोटी, सरसों का साग, डोसा और छोले-भटूरे सहित चटपटे व्यंजनों का पर्यटक उठा रहे लुत्फ
सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 :
फूड कोर्ट में हरियाणवी स्वाद और देशभर के लजीज व्यंजनों का संगम
सूरजकुंड (फरीदाबाद),
तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 में खरीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ फूड कोर्ट भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले में आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेकर अपने भ्रमण को यादगार बना रहे हैं। फूड कोर्ट में मक्के की रोटी, सरसों का साग, डोसा, छोले-भटूरे और चटपटे गोलगप्पे जैसे लोकप्रिय व्यंजन पर्यटकों को खूब पसंद आ रहे हैं।
मेले के फूड कोर्ट में देश के अलग-अलग क्षेत्रों के खानपान की विविधता देखने को मिल रही है। हरियाणा के पारंपरिक व्यंजनों से लेकर दक्षिण भारतीय स्वाद और उत्तर भारतीय चटपटे पकवानों तक, यहां पर्यटकों को अपनी पसंद के अनुसार कई विकल्प मिल रहे हैं। मक्के की रोटी और सरसों का साग जहां हरियाणवी एवं उत्तर भारतीय खानपान की पारंपरिक पहचान को सामने लाते हैं, वहीं डोसा और छोले-भटूरे लोगों की पसंद में शामिल हैं। गोलगप्पों का चटपटा स्वाद भी बच्चों से लेकर बड़ों तक को आकर्षित कर रहा है।
फूड कोर्ट में परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे पर्यटक मेले की सैर के दौरान विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं। रंग-बिरंगे स्टॉल, पकवानों की खुशबू और खानपान की विविधता मेले के उत्सवी माहौल को और खास बना रही है। पर्यटकों के लिए फूड कोर्ट खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच कुछ समय रुककर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेने का अवसर प्रदान कर रहा है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व तथा पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने में अपना भरपूर योगदान प्रदान कर रहा है। मेले में हस्तशिल्प और कलात्मक उत्पादों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के खानपान को भी स्थान मिला है, जिससे पर्यटकों को एक ही परिसर में विविध सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त हो रहे हैं।
