हर घर तिरंगा अभियान के तहत महाबीर स्टेडियम हिसार से निकाली गई तिरंगा यात्रा
हिसार, 14 अगस्त ।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को महाबीर स्टेडियम से सायं 5:15 बजे भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी, हिसार तथा जिला खेल विभाग के समस्त प्रशिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा में उपस्थित प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं हर घर तिरंगा जैसे नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य से अवगत करवाते हुए प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।
