एसआईआर नोटिस एवं सुनवाई मामलों का समयबद्ध किया जा रहा निपटान

 

नौ अक्टूबर तक संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर किए जा रहे आयोजित
सिरसा, 08 अक्टूबर।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला सिरसा में 7 अक्टूबर को आयोजित विशेष शिविरों में 564 लंबित मामलों की सुनवाई की गई। तहसीलदार चुनाव हनुमान दास ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कार्यालय की ओर से नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों और आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करवाएं, ताकि मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कुल 1,72,079 नोटिस जनरेट किए गए हैं। इनमें से 17,955 सुनवाई मामले लंबित हैं। कुल लंबित मामलों का प्रतिशत 10.41 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, प्रभावी निगरानी रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नोटिस की सुनवाई की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए 9 अक्टूबर तक ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नोटिस प्राप्त होने के बावजूद संबंधित मतदाताओं द्वारा अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए गए हैं। इस अवधि में घर-घर सर्वे के दौरान भी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने ऐसे सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि  जिन्होंने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी को जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। पात्र मतदाताओं द्वारा समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने से उनके नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकेंगे।