चंडीगढ़ में निकली विशाल राम-नाम संकीर्तन शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

 

भगवान श्रीराम और राधा-कृष्ण की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, भजन-कीर्तन से गूंजा शहर

चंडीगढ़, 10 अक्टूबर। श्री योग वेदांत सेवा समिति की ओर से शनिवार को चंडीगढ़ में विशाल राम-नाम संकीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। संत श्री आशारामजी बापू के आत्मसाक्षात्कार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस शोभायात्रा में ट्राइसिटी और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक झांकियों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ शाम पांच बजे सेक्टर-23 स्थित मुनि जी के मंदिर से हुआ। संत श्री आशारामजी बापू के शिष्य श्री रामाभाई जी के सान्निध्य में निकली यह यात्रा सेक्टर-23, 22, 21, 20, 30 और 29 की मार्केटों से गुजरते हुए सेक्टर-29 स्थित साईं बाबा मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद भंडारा प्रसाद वितरित किया गया।

शोभायात्रा में बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और श्री राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। सुसज्जित रथ भी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। एक बड़े वाहन में सवार संकीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। यात्रा के दौरान 'हरि ऊं', 'हरि बोल' और 'रामा रामा' के जयकारों के साथ गुरु भक्ति और देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।

शोभायात्रा में महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े। सेक्टर-22 और सेक्टर-29 की मार्केटों में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को शरबत और फल वितरित किए गए। यात्रा मार्ग पर संत श्री आशारामजी बापू के प्रवचनों पर आधारित सत्साहित्य और प्रसाद भी बांटा गया। आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था भी की थी।

16 अक्टूबर को स्यूंक आश्रम में होगा कार्यक्रम

समिति के मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्यूंक स्थित संत श्री आशारामजी आश्रम में 16 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से आत्मसाक्षात्कार दिवस महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित स्थानों से बसें भी चलाई जाएंगी।