जनता और प्रशासन के बीच संवाद का मंच बना समाधान शिविर, डीडीपीओ ने सुनीं आमजन की शिकायतें

 
जनता और प्रशासन के बीच संवाद का मंच बना समाधान शिविर, डीडीपीओ ने सुनीं आमजन की शिकायतें

झज्जर । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशन तथा डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई की पारदर्शी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वीरवार को जिला स्तरीय  समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीडीपीओ निशा तंवर ने नागरिकों की शिकायतें सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


जिला स्तरीय शिविर में पहुंचे नागरिकों ने बिजली, जलापूर्ति, पेंशन, राजस्व रिकॉर्ड, सड़क मरम्मत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर शिकायतें प्रस्तुत कीं। डीडीपीओ निशा तंवर ने प्रत्येक नागरिक की बात को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद की एक प्रभावी कड़ी स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जन समस्याओं का त्वरित समाधान होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव नहीं हो पाया, उन्हें समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए और संबंधित विभागों को नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।