सेवा संकल्प अभियान को लेकर सरकार ने कसी कमर, मुख्य सचिव ने उपायुक्तों से की तैयारियों पर चर्चा

 
सेवा संकल्प अभियान को लेकर सरकार ने कसी कमर, मुख्य सचिव ने उपायुक्तों से की तैयारियों पर चर्चा

रोहतक, 10 सितंबर। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 17 सितंबर से 17 अक्तूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को हिदायतें देते हुए कहा कि इस अभियान के प्रत्येक मॉड्यूल के तहत निर्धारित गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित किये जाये।
 

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों विशेषकर सेवा रंग मॉड्यूल के तहत प्रत्येक अधिकारी को डयूटी सौंपी जाये तथा कड़ी मेहनत से इस गतिविधि को आयोजित करवाया जाये। सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं प्रधान सचिव केएम पांडुरंग ने आशीर्वाद का दिया मॉड्यूल के संदर्भ में विशेष हिदायतें दी। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने सेवा संकल्प अभियान के सभी मॉड्यूल के बारे में पूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीएलसी सुपवा द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की गत 12 वर्ष की योजना व उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री तैयार की जायेगी, जिसे 17 सितंबर को चलाया जायेगा।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में कॉन्फ्रेंस के उपरांत अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए समय से पूर्व सभी आवश्यक प्रबंध करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला में इस अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाये तथा इसकी प्रत्येक गतिविधि का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रभाव सुनिश्चित किया जाये।
 

सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संबंधित विभागों द्वारा पात्र व्यक्तियों तक मौके पर योजनाओं व सेवाओं का लाभ घर द्वार पर उपलब्ध करवाया जायेगा। अभियान के प्रथम दिन आशीर्वाद का दीया व रक्तदान मॉड्यूल के तहत 17 सितंबर को बूथ स्तर व धार्मिक स्थलों पर सरसों के तेल से पारंपरिक दीये जलाये जायेंगे तथा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जायेगा।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में मिट्टी के दीये, सरसों का तेल एवं बात्ती इत्यादि के प्रबंध किये जाये। उन्होंने कहा कि दूसरे मॉड्यूल सेवा चित्र के तहत शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जायेगी। सेवा स्मरण मॉड्यूल के तहत कला एवं संस्कृति विभाग की सांस्कृतिक टीमों द्वारा निर्धारित थीम पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जायेंगे। आंगन का मिलन मॉड्यूल के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण इत्यादि से संबंधित गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी।


सतबीर सिंह ने कहा कि अभियान के कहानी बदलाव की मॉड्यूल के तहत बूथ स्तरों पर गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी, जिनमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां शामिल की जायेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा सभी प्रबंध किये जायेंगे। सेवा ज्योति यात्रा मॉड्यूल के तहत विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी। जिला स्तर पर मुख्य आयोजन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का प्रसारण किया जायेगा।


उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा मेरा योगदान मॉड्यूल के अंतर्गत शहरी स्थानीय विभाग द्वारा चिन्हित 25 सेवाओं से संबंधित गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी। हर विधानसभा में 2-2 स्थानों पर ऐसी गतिविधियां आयोजित होगी। सेवा सेतु अभियान के तहत सेवा विभाग द्वारा खंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में चिन्हित सेवाओं का मौके पर लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया जायेगा। सेवा रंग मॉड्यूल के तहत शिक्षा विभाग द्वारा चिन्हित स्थानों पर रंगोली व भारत मंडल आकृतियां बनाई जायेगी। सुशासन सेवा संवाद के तहत विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी।


इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, उप सिविल सर्जन डॉ. डिंपल, तहसीलदार यशपाल शर्मा, रवि कुमार एवं दिनेश कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. ईशा सोनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित अन्य विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।