जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की

 
 जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की

हिसार, 12 नवंबर ।

पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल
गुप्ता ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान
आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर
अनेक मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिलवाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा
कि हरियाणा सरकार की स्पष्ट मंशा है कि आम नागरिकों के न्यायोचित कार्य
अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। प्रदेश सरकार ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों
को निर्देश दिए हैं कि जनता के वैध कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर
त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. कमल गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम
जिले में आतंकवादियों द्वारा सीआरपीएफ के जवानों पर किए गए हमले की कड़ी
निंदा की। उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते
हुए कहा कि यह कायरतापूर्ण और घृणित घटना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त
किया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है और
केंद्र सरकार नक्सलवाद की तरह आतंकवाद का भी पूर्णतः सफाया करने के लिए
दृढ़ संकल्पित है।

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर
प्रदेश भाजपा संगठन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत बूथ स्तर
पर विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक
मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि
भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची की वास्तविक स्थिति का
आकलन करेंगे तथा पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि
प्रत्येक योग्य नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सके। इस अवसर
पर सुरेश गोयल धूप वाला, राम चन्दर गुप्ता, कृष्ण बिश्नोई, धर्मवीर
पानू,प्रोमिला पुनिया, अनुज जैन, सुशील सैनी, धर्म सिंह खटकड़, बलबीर
भूम्बक, सतीश महत्ता, सुभाष जांगड़ा, सुशील महंच आदि उपस्थित रहें।
मौजूद रहे।