श्री विष्णु क्लब की रामलीला: ताड़का के आतंक का अंत होते ही गूंजा 'जय श्री राम', वध का रोमांचक दृश्य देखने उमड़ा आस्था का सैलाब, टूटे भीड़ के रिकॉर्ड
ताड़का वध के सजीव मंचन ने दर्शकों को बांधा, खड़े होकर लोगों ने बजाई तालियां
सिरसा।
सूरतगढ़िया चौक स्थित श्री विष्णु क्लब द्वारा आयोजित रामलीला के तीसरे दिन मंच पर धर्म और अधर्म का ऐसा भीषण संग्राम देखने को मिला कि पूरा परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भर गया। जैसे ही मंच पर विशालकाय और भयानक रूप धारण किए राक्षसी ताड़का का आगमन हुआ, पंडाल में सन्नाटा पसर गया और उसके संहार के साथ ही उपस्थित जनसमूह 'जय श्री राम' के गगनभेदी नारों से झूम उठा। ताड़का वध के इस अलौकिक व रोमांचक मंचन को देखने के लिए शहर और आसपास के इलाकों से इतनी बड़ी तादाद में दर्शक पहुंचे कि बैठने की जगह कम पड़ गई और भीड़ के पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। क्लब के प्रधान दीपक सेठी ने बताया कि महर्षि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन और राजा दशरथ से राक्षसों के विनाश के लिए राम-लक्ष्मण को मांगने के प्रसंग से हुई। जैसे ही विश्वामित्र दोनों राजकुमारों को लेकर दंडकारण्य वन में पहुंचे, राक्षसी ताड़का ने भयंकर गर्जना करते हुए आश्रम की ओर रुख किया। ताड़का के खूंखार रूप, डरावनी वेशभूषा और मंच पर ध्वनि व रोशनी (लाइट एंड साउंड) के विशेष प्रभावों ने दर्शकों में सिहरन पैदा कर दी। ताड़का ने जैसे ही यज्ञ को विध्वंस करने का प्रयास किया, महर्षि विश्वामित्र के आदेश पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई और एक ही बाण से ताड़का का वध कर दिया। ताड़का के धराशायी होते ही पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और 'सियावर रामचंद्र की जय' के उद्घोष से गूंज उठा। इसके तुरंत बाद सुबाहु और मारीच के उपद्रव का दृश्य दर्शाया गया, जहां प्रभु राम ने सुबाहु का वध किया। इस ऐतिहासिक दृश्य को देखने पहुंचे यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित शर्मा, शहर थाना प्रभारी संतोख सिंह,नगर पार्षद मनमोहन मिढ़ा, योगेश मिढ़ा ने कलाकारों की कला की सराहना की। अतिथियों ने ताड़का वध के दृश्य में कलाकारों के शानदार अभिनय और संवाद अदायगी की दिल खोलकर सराहना की। मंच से दर्शकों और विशेषकर युवाओं को संबोधित करते हुए शहर थाना प्रभारी संतोख सिंह ने आज के सामाजिक परिवेश पर बेहद मार्मिक और कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्री राम ने वन में ऋषियों की शांति भंग करने वाली आसुरी शक्ति ताड़का का वध कर धर्म की रक्षा की, ठीक उसी प्रकार आज हमारे समाज को खोखला कर रहे नशे रूपी राक्षस का वध करने की जरूरत है। नशा आज की युवा पीढ़ी का सबसे बड़ा शत्रु बन चुका है। हमें भगवान राम के जीवन से मर्यादा, संकल्प और बुराई से लड़ने की सीख लेनी चाहिए। इस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पुलिस का साथ दे। यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने कहा कि विष्णु क्लब वर्षों से रामलीला के माध्यम से हमारी सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। वहीं नगर पार्षद मनमोहन मिढ़ा ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है। क्लब के महासचिव प्रेम शर्मा ने बताया कि देर रात तक चले इस मंचन के बाद भगवान श्री राम, लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र की महाआरती की गई, जिसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण हुआ। इस मौके पर इस मौके पर दीपक सेठी, प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज, सुभाष मेहरा, अरविंद साहनी, सुरेश गुगलानी, विकास सेठी, अरुण भारद्वाज, अशोक शर्मा, विकास सुखीजा,रोहित मेहता, लवली बजाज, केवल सेठी, वीरेंदर वधवा, टिंकू सिंह नेगी, दीपक ऐलावादी, अंकुश मेहता, साहिल शर्मा, अजय डोडा, रिंकू शर्मा, रवि शर्मा, विकास ऐलावादी, धीरज ग्रोवर, पंकज ग्रोवर, रूपांश चावला, प्रिंस शर्मा, शंटी ग्रोवर, साकु, सुनील तनेजा,वंश, नरेंद्र चोपड़ा, अंकित शर्मा, लोकेश, जतिन नागपाल,राकेश ग्रोवर, अजय कैथ इत्यादि उपस्थित रहे।
