स्कूलों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन सख्त, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने दिए जरूरी निर्देश
हिसार । अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने वीरवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा की। हिसार खंड प्रथम के सभी प्राचार्यों व अधिकारियों की इस बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के ऐसे सभी स्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जहां बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन स्कूलों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में स्कूलों में डेस्क, अटल टिंकरिंग लैब, पेयजल, शौचालय, बिजली, भवन की स्थिति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों से आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन स्कूलों में किसी सुविधा की कमी है, उसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक, विज्ञान, कला, रंगोली, क्विज और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाना चाहिए। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में सुविधाओं की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए तथा विद्यार्थियों के हित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में सीएमजीजीए अमोल, जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, नरेंद्र शर्मा, बिजेंद्र सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
