इंद्रपुरी में 24वें विशाल मां भगवती जागरण का भव्य आयोजन, श्रद्धा व धूमधाम से प्रज्वलित हुई पावन ज्योत
सिरसा। इंद्रपुरी मोहल्ले में युवा संगठन मंच एवं समस्त मोहल्लावासियों के संयुक्त तत्वावधान में 24वें विशाल मां भगवती जागरण का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला विशेष रूप से पहुंचे और यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के दरबार में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मनीष सिंगला ने माता रानी की पावन एवं पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर जागरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां भगवती के चरणों में हाजिरी लगाने और पावन ज्योत प्रज्वलित करने का अवसर मिलना परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला बताया।
पूरी रात चले इस जागरण में भजन गायकों ने मां भगवती के सुंदर भजनों और भेंटों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूर्णतः भक्तिमय बनाए रखा। श्रद्धालु देर रात तक माता के जयकारे लगाते हुए भजनों पर झूमते नजर आए। मनीष सिंगला ने कहा कि मां के इस जागरण में ये संकल्प अवश्य लें कि अपनी मां की रोज़ाना पूजा करेंगे और उसके चरणों में अपना शीश रखकर आशीर्वाद लेंगे। यही आज के कलयुग का महामंत्र है जो आपको जीवन में कामयाब करेगा। इस दौरान मनीष सिंगला ने भजन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध किया।
इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, प्रधान दीपक खरेरां, उप प्रधान विक्की मोरवाल, साहिल मोरवाल, सुमित इंदौरा, अमित इंदौरा, धर्मपाल अरोड़ा, राहुल इंदौरा, आशीष कालड़ा, रिंकू पोपली, सागर मोरवाल तथा सन्नी इंदौरा इत्यादि मौजूद थे। अंत में माता की आरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों में पावन प्रसाद वितरित किया गया।
