क्रिकेट पिच पर तनाव क्लीन बोल्ड...

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के बीच बीएलओ ने क्रिकेट के मैदान में बहाया पसीना

 
क्रिकेट पिच पर तनाव क्लीन बोल्ड...  मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के बीच बीएलओ ने क्रिकेट के मैदान में बहाया पसीना

 

भिवानी/बहल, 4 सितंबर।

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में जुटे  लोहारू विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ ने इस कार्य में लोहारू क्षेत्र को अव्वल रखने के साथ ही ऑफिस कार्य से तनाव में आने वाले कर्मचारियों को बड़ा सन्देश दिया है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के बीच शुक्रवार को बीएलओ ने बहल के खेल मैदान पर उतरकर फ्रेंडली क्रिकेट खेलकर खूब पसीना बहाया और तनाव को क्लीन बोल्ड किया। बीएलओ ने नौकरीपेशा युवाओं को खेल के माध्यम से जीवन के तनाव को दूर करने का रास्ता दिखाया है।

मालूम हो कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन और लोहारू के एसडीएम मनोज कुमार दलाल के नेतृत्व में लोहारू विधानसभा का कार्य प्रदेश में प्रथम पायदान पर रहा है। यहां गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य सबसे तेज गति से हुआ।  बीएलओ ने सम्बंधित गांव के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार सूचनाएं साझा कीं और कार्य को आगे बढाते हुए प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड किया। उन्होंने प्रतिदिन ज्यादा से ज्यादा कार्य करके यह लक्ष्य हासिल किया और अब नोटिस जारी करने के मामले में भी लोहारू विधानसभा क्षेत्र का कार्य अव्वल चल रहा है।

शुक्रवार को क्षेत्र के बीएलओ ने  इस कार्य के बीच एक नया तरीका अपनाकर कर्मचारियों को सन्देश देने का कार्य किया। एसडीएम मनोज कुमार दलाल के नेतृत्व में लोहारू विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ की चार टीमें बहल के खेल मैदान में उतरी और खूब पसीना बहाया। कार्यक्रम के सफलता के लिए एसडीएम मनोज कुमार दलाल की अध्यक्षता में बीएलओ राजपाल गरवा, आनंद श्योराण हरियावास, सुरेश भालोठिया, ग्राम सचिव सुरेंद्र गोकुलपुरा की आयोजन समिति बनाई गई। खेल मैदान में उतरने से पहले चार टीमें एसडीएम लोहारू 11, रॉयल पैंथर बहल 11, सिवानी ट्रैकर 11 और सिवानी बी टीम बनाई गई। लोहारू टीम का नेतृत्व एसडीएम मनोज कुमार दलाल, बहल टीम का नेतृत्व रविंद्र गोस्वामी, सिवानी ए टीम का नेतृत्व सुदेश बाजिया और सिवानी बी टीम का नेतृत्व धन सिंह ने किया। फाइनल विजेता लोहारू एसडीएम टीम रही व उपविजेता बहल की टीम रही। इस शानदार आयोजन के लिए एसडीएम  मनोज कुमार दलाल ने सभी बीएलओ को शुभकामनाएं दी। मैचों की कमेंट्री आनंद श्योराण हरियावास, संजय शर्मा और विनोद बॉक्सर ने की।  इस दौरान बीएलओ सुरेश भालोठिया, सुशील गोपालवास, अनिल ओबरा, प्रेम नांगल, मुकेश ओबरा, दलवीर सहरावत, मनोज डीपीई, सुरेश हरियावास, धन सिंह जांगड़ा, रविंद्र गोस्वामी, सुरेंद्र सिरसी, चरण सिंह कालोद, कुलदीप, सुरेंद्र सुरा, बलबीर पूनिया, कृष्ण चौहान, प्रदीप सुंडा सहित विभिन्न बीएलओ उपस्थित रहे।

----

खेल मैदान में पसीना बहाने से मानसिक तनाव से राहत मिलती है। दिनभर कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठने और फाइलों में उलझे रहने के बाद मैदान पर पसीना बहाने से हार्मोन रिलीज होता है, जो मूड को तुरंत फ्रेश करता है। साथ ही ऑफिस कार्य से बाहर निकलकर जब सीनियर और जूनियर कर्मचारी एक साथ टीम में खेलते हैं, तो उनके बीच का संवाद भी बेहतर होता है और टीम भावना बनती है। खेलने से शारीरिक निष्क्रियता तो दूर होती ही है बल्कि निर्णय क्षमता में सुधार होता है। खासकर क्रिकेट में हर गेंद पर रणनीति बदलनी पड़ती है, जिससे त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मजबूत होती है।