वार्ड 11 में 40 लाख रुपए का टेंडर पास, भगत सिंह नगर और भारत नगर में जल्द शुरू होगा गलियों का निर्माण
सिरसा। वार्ड नंबर 11 में जल्द ही खस्ताहाल रास्तों से हमेशा के लिए निजात मिलने जा रही है। पार्षद राजन शर्मा के विशेष प्रयासों से भगत सिंह नगर और भारत नगर में 40 लाख रुपये की लागत से नए निर्माण कार्यों का टेंडर स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा।पार्षद राजन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 40 लाख रुपए के इस बजट से क्षेत्र की कई प्रमुख गलियों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिनमें मुख्य रूप से भगत सिंह नगर गली नंबर 1 डॉक्टर पेंसिया वाली, पंडित सेवक राम शास्त्री वाली गली, सावित्री देवी वाली गली, कमल शर्मा वाली गली, भारत नगर (गली नंबर 1/12) स्थित पवन शर्मा वाली गली शामिल हैं। पार्षद राजन शर्मा ने बताया कि वार्ड 11 को सुंदर, स्वच्छ और सुविधा संपन्न बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। इन गलियों का निर्माण कार्य शुरू होने से आमजन को कीचड़, गड्ढों और जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। टेंडर पास होने के बाद अब बिना किसी देरी के निर्माण प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है ताकि वार्डवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। राजन शर्मा ने नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरुप का धन्यवाद किया है।
