भारत विकास परिषद की शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में छह विद्यालयों की टीमों ने लिया भाग
रोहतक।
भारत विकास परिषद की रोहतक शाखा एवं रत्न शाखा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जेड ग्लोबल स्कूल, हुड्डा कॉम्प्लेक्स, रोहतक में शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छह विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने "राष्ट्रीय चेतना के स्वर" पुस्तक से हिंदी एवं संस्कृत भाषा में देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं देशप्रेम की भावना का सुंदर परिचय दिया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों में शिक्षा भारती विद्यालय, (रामनगर), शिक्षा भारती विद्यालय (जे.पी. कॉलोनी), मॉडल स्कूल (अंबेडकर चौक), श्री ज्योति प्रकाश सीनियर सेकेंडरी स्कूल (प्रेम नगर), बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल तथा बाबा मस्तनाथ पब्लिक स्कूल, रोहतक की टीमें शामिल रहीं। सभी टीमों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, संगीत के प्रति रुचि और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं आर्बिट्रेटर जोगिंदर सिंह धमीजा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट एवं रोहतक शाखा के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार जैन ने की। अतिथियों का स्वागत भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि जोगिंदर सिंह धमीजा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, सामूहिकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष अरुण कुमार जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार, सहयोग और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित परिषद के सदस्यों एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मॉडल स्कूल, दूसरा स्थान शिक्षा भारती विद्यालय (जे.पी. कॉलोनी) और तीसरा स्थान बाबा मस्तनाथ स्कूल की टीम ने हासिल किया ।
विजयी टीम्स आगे 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) को जींद में होने वाली प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में रोहतक शाखा और रतन शाखा का प्रतिनिधित्व करेगी ।
मंच संचालन अर्जुन गुप्ता ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से हर्ष खेड़ा (जिला सह समन्वयक), रोहतक शाखा से विक्रांत शर्मा(अध्यक्ष), विजय गुप्ता (सचिव), मंजू बिंदल (शाखा संयोजक संस्कार), गणपत राय गोयल (शाखा संयोजक पर्यावरण), संजय भाटिया(शाखा संयोजक सेवा), सुरेश बंसल, डॉ. सीमा शर्मा, निशि बंसल, दिनेश बिंदल, नीलम सहगल, डॉ. राजिंदर गोयल, आनंद गर्ग, अशोक ठकराल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
