विद्यार्थियों को संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षक निभाएं अहम भूमिका :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
विद्यार्थियों को संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षक निभाएं अहम भूमिका :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 अध्यापक दिवस के अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सतबीर सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। एक अच्छे शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि भारत में हर वर्ष 5 सितंबर को महान शिक्षाविद एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर अध्यापक दिवस मनाया जाता है। डॉ. राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा के प्रति समर्पण और ज्ञान की महत्ता का प्रेरणादायक उदाहरण है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। डिजिटल तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के साथ-साथ विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास करना भी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें एक जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
सतबीर सिंह ने कहा कि शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और भविष्य निर्माण का सम्मान है। समाज को भी शिक्षकों के योगदान को सम्मान और उचित महत्व देना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों के स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मेहनत से ही मजबूत समाज तथा सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।