भिवानी में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित:101 अध्यापकों को किया सम्मानित, सांसद बोले- शिक्षक राष्ट्र निर्माता
भिवानी के वैश्य इंटरनेशनल स्कूल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति एवं वैश्य इंटरनेशनल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार-2026, 29वां राष्ट्रीय शिक्षक दिवस महोत्सव एवं शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट शिवरतन गुप्ता एवं प्रसिद्ध उद्योगपति पवन बवानी वाला ने की।
इस अवसर पर समाजसेवी सुरेंद्र लोहिया, राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता समाजसेवी लक्ष्मण गौड़, सदाचारी शिक्षा समिति की निदेशक सावित्री यादव, हिंद केसरी बाली शर्मा, लोक गायक, राष्ट्रपति पुरस्कार एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, वैश्य इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य करतार सिंह जाखड़, एनसीसी अधिकारी राजेश मुखी, प्राचार्य भगत सिंह कोठारी, भाजपा नेता रीतिक वधवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
शिक्षक से अधिक सम्मान का अधिकारी दुनिया में कोई नहीं मुख्य अतिथि चौधरी धर्मबीर सिंह व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन शंकर धूपड़ ने कहा कि शिक्षक से अधिक सम्मान का अधिकारी दुनिया में कोई नहीं है। मां, भारत मां और शिक्षक का जीवन में विशेष महत्व है। मां बच्चे का पालन-पोषण करती है, शिक्षक उसे तराशकर जीवन जीने योग्य बनाता है, जबकि भारत मां अपनी धरती पर सभी का पालन-पोषण करती है। वर्तमान समय में किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान की भी आवश्यकता है और यह ज्ञान शिक्षक ही प्रदान कर सकता है। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ता है और देश की प्रगति में योगदान देता है।उन्होंने कहा कि आज की आपाधापी के दौर में शिक्षक के सम्मान की अपेक्षा धनवान व्यक्ति को अधिक महत्व दिया जाना चिंता का विषय है। जिस देश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, वही देश तेजी से आगे बढ़ेगा तथा अनेक सामाजिक बुराइयों एवं समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों में गुणात्मक शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और मानवीय गुणों का समावेश करें। अपने गुरुओं का सम्मान केवल औपचारिक रूप से नहीं, बल्कि आत्मा से किया जाना चाहिए।
शिक्षक राष्ट्र निर्माता वैश्य इंटरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष एडवोकेट शिवरतन गुप्ता एवं महासचिव पवन बवानीवाला ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षक देश की नींव को मजबूत करने का कार्य करता है। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही वैज्ञानिक, नेता, डॉक्टर, अभिनेता सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाएं तैयार होती हैं। शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है। भगवान श्रीकृष्ण को भी महान शिक्षक के रूप में माना जाता है और भारत में शिक्षा एवं शिक्षक की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। बच्चे के भविष्य का निर्माण करने वाले शिक्षक से बड़ा निर्माता कोई नहीं हो सकता।
उन्होंने बताया कि समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में अलग-अलग अनुकरणीय सेवाओं एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए 101 शिक्षकों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
ये हुए सम्मानित सम्मानित किए शिक्षकों में डॉ. अनुराधा शर्मा, सोनिया शर्मा, राजेश कौशिक, अनामिका शर्मा, सुनीता कुमारी, भगत सिंह कोठारी, अश्विनी शर्मा, विकास कुमार, शिव कुमार, सुमन पंवार, विवेक, बबीता रॉय, बबीता, सुनीता रानी, राज कुमार, सोनिका, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, मीनाक्षी चावला, डॉ. ज्योति चौधरी, राजेश कुमार, संजय कामरा, प्रशांत कुमार, मनोज शर्मा, डॉ. अनिल गौड़, डॉ. जयपाल शास्त्री, नरेश कुमार, सुशीला, दीपक, सरिता, डॉ. सुमन, डॉ. रंजना, उषा, नरेश कुमारी, शमशेर सिंह, मनोज कुमारी, डॉ. अशोक कुमार, सरिता, मुकेश देवी, उषा, डॉ. मन सिंह दहिया, सुनील कुमार, भूमिका, डॉ. निधि शर्मा, मनजीत सिंह, करतार सिंह जाखड़, मोहनदत्त शर्मा, नरेंद्र शर्मा, प्रवेश गौतम, मंजू शर्मा, पूजा, त्रिलोक गाबा, पंकज, विकाश शर्मा, नीतू डुडेजा, सुमन श्योराण, रेणु, डॉ. आलोक शर्मा, विनोद कुमार, विजय लक्ष्मी शर्मा, जोगेंद्र सिंह, पवन कौशिक, निखिल गुप्ता, बृजमोहन, कमल शर्मा, रजनी शर्मा, डॉ. शिवकुमार शास्त्री शर्मा, सीमा शर्मा, श्वेता, पवन, शीतल शर्मा, नीरज, पवन गोयल, दयानंद, कपिल वर्मा, डॉ. बीना यादव, पवन कुमार, अनीता कौशिक और श्वेता अरोड़ा सहित हरियाणा प्रदेश के कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, हिसार, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, रोहतक, जींद, सोनीपत, यमुनानगर, दिल्ली, बहादुर गढ़, राजस्थान, गुरुग्राम, करनाल, कैथल झज्जर से जुड़े 101 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
