झज्जर, 5 अक्टूबर 2026। निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत जिले के चार खंडों में प्राथमिक शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज किया गया। जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुदर्शन पुनिया ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम चरण में बहादुरगढ़ में दो, झज्जर में दो तथा बेरी और साल्हावास में एक-एक बैच शुरू किए गए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के प्रभावी शिक्षण की नवीन एवं बाल-केंद्रित पद्धतियों से परिचित कराना है।
झज्जर में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास तथा जिला शिक्षा अधिकारी रतिन्दर सिंह ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झज्जर में किया। प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि एक निपुण शिक्षक ही विद्यार्थियों को निपुण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए अपने प्रिय शिक्षकों को याद किया और कहा कि प्रत्येक शिक्षक को अपने विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया में रुचि सबसे महत्वपूर्ण है। यदि शिक्षक विद्यार्थियों में सीखने के प्रति रुचि उत्पन्न करने में सफल हो जाएं, तो विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि अन्य गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी रतिन्दर सिंह ने प्रशिक्षण को शिक्षकों के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि जैसे मोबाइल फोन में नए और बेहतर एप चलाने के लिए समय-समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट किया जाता है, उसी प्रकार प्रशिक्षण शिक्षकों के ज्ञान, कौशल और शिक्षण-पद्धति को अपडेट करने का कार्य करता है। इससे शिक्षक नवीन एवं प्रभावी पेडागॉजी को अपनाकर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार ला सकते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी सुनीता मल्हान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
बेरी खंड में प्रशिक्षण का शुभारंभ प्राचार्य डाइट अनिल श्योरान, जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा एवं खंड शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बेरी में किया। बहादुरगढ़ में खंड शिक्षा अधिकारी शेर सिंह ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तथा साल्हावास में खंड शिक्षा अधिकारी जयपाल दहिया ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय, साल्हावास में प्रशिक्षण का शुभारंभ किया।
प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र पर मास्टर ट्रेनर्स तथा डाइट के एक-एक संकाय सदस्य उपस्थित रहे और शिक्षकों को निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी शिक्षण रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया।
