विशेष अभियान के तहत पोलिंग बूथों का औचक निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सिरसा, 08 अक्तूबर।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत लंबित नोटिसों के निपटान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हुए हैं। सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर निर्वाचन संबंधी कार्य कर रहे हैं। अभियान के तहत कालांवाली (42-अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं बीडीपीओ बड़ागुढ़ा भजन लाल, अतिरिक्त निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार कालांवाली सतीश कुमार तथा अतिरिक्त निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं प्रधानाचार्य कालांवाली विजयपाल, निर्वाचन कानूनगो सुरेंद्र शर्मा ने भी कालांवाली क्षेत्र के विभिन्न बूथों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न प्रपत्रों एवं प्रपत्रों की स्थिति के साथ लंबित नोटिसों के निपटान की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी निष्ठा, तत्परता और निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया जाए। पात्र मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने तथा लंबित नोटिसों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
