फेस ऑथेंटिकेशन से घर बैठे जमा कराएं डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र : संजय फोगाट
जिला कोषाधिकारी संजय फोगाट ने पेंशनभोगियों से किया आह्वान
झज्जर,
जिला खजाना अधिकारी संजय फोगाट ने कहा कि पेंशनभोगी स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवा सकते हैं। सरकार की ओर से पेंशन भोगियों की सुविधा के लिए इस संबंध में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और परेशानी रहित बनाना है।
जिला खजाना अधिकारी ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला के सभी सहायक कोषाधिकारियों और पेंशन संबंधी कार्य करने वाले कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा के बारे में जागरूक करें और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने व जमा करवाने में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इससे उन्हें इस कार्य के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पेंशनभोगियों से अभियान में भागीदारी की अपील
डीटीओ संजय फोगाट ने जिला के ऐसे सभी पेंशनभोगियों से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा अपनाएं और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अधिक से अधिक पेंशन भोगियों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
