आईटीआई में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बचत और वित्तीय योजनाओं की दी गई जानकारी
हिसार, 03 सितंबर।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम के तीसरे दिन विद्यार्थियों को बचत, वित्तीय योजना, बीमा और पेंशन योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए बेहतर वित्तीय योजना बनाने तथा सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम, हिसार शाखा के बीमा विकास अधिकारी देवेंद्र जाखड़ और सत्यानंद ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने खर्च और आय का संतुलन बनाए रखने तथा अनावश्यक खर्चों से बचने की सलाह दी। इसके साथ ही किसी भी वित्तीय योजना में निवेश करने से पहले उसके नियमों एवं शर्तों को अच्छी तरह समझने पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि नियमित बचत की छोटी शुरुआत भी लंबे समय में मजबूत आर्थिक सुरक्षा का आधार बन सकती है। विद्यार्थियों ने भी वित्तीय योजनाओं से संबंधित सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रधानाचार्य सुनील सचदेवा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्टाफ सदस्यों एवं मुख्य वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। ट्रेनिंग इंचार्ज ललित कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ वित्तीय जानकारी भी जरूरी है। बीमा, बचत और पेंशन योजनाओं की सही जानकारी युवाओं को भविष्य में आर्थिक निर्णय लेने में मदद करती है।
इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक दीपक, अनुदेशक परमिंदर, दीपक, सुधीर, विनोद, अजेश, मंजीत, परमिंदर, राकेश जांगड़ा, सुनील, रघुवीर, पवन, मुकेश रानी, सुमित कुमार, रमन, राकेश, लक्ष्मण, किस्मत सहित अन्य अनुदेशकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
