नवा राजगढ़ में जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
भिवानी,
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत नवां राजगढ़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गांव की मुख्य गलियों से जागरूकता रैली निकाल कर जल संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुखबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि जल प्रबंधन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पानी की एक-एक बूंद अनमोल है और इसे व्यर्थ बहने से रोकना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से पानी का सदुपयोग करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विभाग के सलाहकार अशोक भाटी ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए जन भागीदारी जरूरी है। जल संरक्षण के साथ-साथ पेयजल की स्वच्छता बनाए रखना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि दूषित पानी अनेक बीमारियों का कारण बन सकता है। प्रधानाचार्य सुखबीर सिंह ने कहा कि जब बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक प्रत्येक व्यक्ति पानी के महत्व और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी को समझेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए पंपलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य औम प्रकार महता, महीपाल, संजय कुमार, सोना रानी, बनीता तथा जल घर कर्मचारी राम निवास, शिव कुमार, अक्षय, राजेश व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
