छात्राएं गलत कार्य का विरोध करने में शर्म या हिचकिचाहट महसूस ना करें: मीना परमार

 
छात्राएं गलत कार्य का विरोध करने में शर्म या हिचकिचाहट महसूस ना करें: मीना परमार

  
- हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बामला में तीन दिन में आंतरिक शिकायत निवारण समिति गठित करने के दिए निर्देश
भिवानी, 03 सितंबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने गुरुवार को बामला स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं की शिक्षण कार्य, शौचालय की स्वच्छता और विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था और पेयजल आदि सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। विद्यालय में आंतरिक शिकायत निवारण समिति का गठन नहीं होने तथा समिति से संबंधित जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं किए जाने पर उन्होंने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने प्राचार्या को तीन दिन के अंदर समिति का गठन करने तथा सभी छात्राओं को समिति के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि गलत कार्य का विरोध करने में शर्म या हिचकिचाहट महसूस ना करें। उन्होंने छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे जागरूक किया।
मीना परमार ने प्राचार्या को निर्देश दिए कि छात्राओं की ओर से आने वाली किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। शिकायतों पर कार्रवाई में किसी भी प्रकार की अनदेखी अथवा लापरवाही पाई जाने पर हरियाणा राज्य महिला आयोग बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्राओं को यह जानकारी होनी चाहिए कि उसके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार अथवा अन्य समस्या होने पर वह आंतरिक शिकायत निवारण समिति के सदस्यों के समक्ष अपनी शिकायत रख सकती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय खुलकर सामने आएं तथा किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार या परेशानी की स्थिति में तुरंत इसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति या समिति को दें।
बॉक्स
- टॉयलेट की छत नहीं होने पर जताई नाराजगी
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने विद्यालय के टॉयलेट, विशेषकर गर्ल्स टॉयलेट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि टॉयलेट की छत नहीं है। इस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा तथा निजता के लिए विद्यालय परिसर में टॉयलेट की उचित व्यवस्था और छत होना जरूरी है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को इस व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करवाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में उगी घास फूस को साफ करवाने व सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
बॉक्स
- मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची
मीना परमार ने विद्यालय में मिड-डे मील की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तैयार भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट भी चेक की, जो कि सही मिली। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का लगातार ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बॉक्स
- छात्राओं से संवाद कर जानी समस्याएं
मीना परमार ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्रा को इसकी जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे निडर रहें और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा शिकायत निवारण समिति के सदस्यों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे कड़ी मेहनत करें, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ें। हरियाणा राज्य महिला आयोग छात्राओं के हितों और उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा, खंड शिक्षा अधिकारी युद्धवीर सिंह, विद्यालय प्राचार्या मीना, प्रोटेक्शन अधिकारी हरबंश कौर सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।