चित्रकला, कविता और अन्य गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने किया सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक

 
 - चित्रकला, कविता और अन्य गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने किया सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत फरीदाबाद जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

अभियान के अंतर्गत सेक्टर-75 स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ विषय पर कविता गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने कविताओं के माध्यम से मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के साथ मानवीय संबंधों को अभिव्यक्त किया। साथ ही, विद्यार्थियों ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

इसी क्रम में एसपी मॉडर्न स्कूल में विद्यार्थियों के लिए ड्रॉइंग गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, सेक्टर-16 स्थित के.एल. मेहता दयानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पेंटिंग गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा जैसे मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।