भिवानी
वीर शहीद श्री महीपाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोलागढ़ में सोमवार को विद्यार्थियों को समय प्रबंधन एवं अनुशासन के महत्व के प्रति जागरूकता अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य शिवकुमार शास्त्री ने की।
अपने संबोधन में प्राचार्य महोदय ने समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अपने दैनिक कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
जहां मंच संचालन करते हुए मुकेश शास्त्री ने अनुशासन के महत्व पर अपने विचार रखे तो वहीं डॉ. राजपाल नागर ने विद्यार्थियों को एकाग्रचित्त होकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भूगोल प्रवक्ता विनोद कुमार ने मई से 31 अक्टूबर तक लगातार नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी नियमित उपस्थिति बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में जितेंद्र यादव, महेश कुमार, संतोष देवी, कृष्णा तंवर, संगीता, मंजु देवी, मुकेश, मनोज खंडेलवाल एवं बिजेंद्र आदि उपस्थित रहे।
