डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक में दिए कड़े निर्देश
जिला से गुजरने वाली ड्रेन संख्या आठ सहित अन्य ड्रेन्स और रजवाहों में किसी प्रकार का कैमिकल युक्त और सीवरेज का पानी न छोड़ा जाए इसके लिए संबंधित अधिकारी मोनिटरिंग करें और लापरवाही मिलने पर सम्बंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि पानी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके। डीसी वर्षा खांगवाल ने यह निर्देश शुक्रवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सेप्टिक टैंकर के माध्यम से भी गंदा पानी नालों और ड्रेन में छोड़ते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिला की सीमा से गुजरने वाली मुंगेशपुर ड्रेन नंबर आठ और केसीबी ड्रेन में कैमिकल युक्त दूषित पानी छोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला की सीमा में दूषित पानी के लिए सीटीपी ना लगाने वाले व्यवसायिक संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
किसी भी ड्रेन में गंदे पानी की निकासी न हो इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर सिंचाई विभाग एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार,कार्यकारी अभियंता खिवलेश भारद्वाज,एसडीओ अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
