राज्य स्तरीय नगाड़ा प्रतियोगिता 16 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में होगी आयोजित

 

भिवानी, 14 अक्टूबर।

कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा की ओर से 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मल्टी आर्ट सेंटर, कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय नगाड़ा (बंचारी) दलों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता दलों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
विभाग द्वारा दी गई जानकारी अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 75 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 65 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कारों के तहत प्रत्येक विजेता दल को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दल में 10 कलाकार होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को हरियाणा का मूल निवासी होना या आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक है।
प्रत्येक दल को प्रस्तुति के लिए 3 से 5 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रस्तुति पारंपरिक रसिया गायन और हरियाणवी पारंपरिक लोकगीतों पर आधारित होनी चाहिए, फिल्मी धुनों पर प्रस्तुति मान्य नहीं होगी। हरियाणवी लोक परिधान में ही प्रस्तुति देना अनिवार्य होगा। एक कलाकार केवल एक ही दल में प्रस्तुति दे सकता है। यदि कोई कलाकार दूसरे दल के साथ भी पाया जाता है, तो संबंधित दल को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।