प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन की भ्रष्ट कार्यप्रणाली और अव्यवस्थाओं के चलते इस बार शहर के व्यापारियों को काली दिवाली मनाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
सिरसा।
जारी बयान में शर्मा ने कहा कि शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों में जगह-जगह खुदाई किए जाने के कारण आवागमन बुरी तरह बाधित हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों के लिए बाजारों तक पहुंचना और खरीदारी करना मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर शहर के व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि दीपावली देश का सबसे बड़ा त्योहार है और व्यापारी पूरे साल इस त्यौहार का इंतजार करते हैं। व्यापारियों को उम्मीद रहती है कि दिवाली के सीजन में अच्छी बिक्री होगी और साल भर के कारोबार को गति मिलेगी। लेकिन इस बार नगर परिषद की भ्रष्ट और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली ने व्यापारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। बाजारों की सड़कों को बुरी तरह खोद दिया गया है।
जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़कों पर उड़ती धूल-मिट्टी ने दुकानदारों और ग्राहकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि आवागमन में परेशानी के चलते लोग बाजारों में खरीदारी करने से बच रहे हैं और ऑनलाइन शॉपिंग पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। इसका खामियाजा स्थानीय दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। शर्मा ने कहा कि बाजारों में रौनक ना होने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। छोटे दुकानदारों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि त्योहारों का सीजन ही उनकी साल भर की कमाई का बड़ा सहारा होता है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि नगर परिषद को विकास कार्य करवाने से पहले लोगों की सुविधाओं और त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखना चाहिए था। यदि सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य करवाने ही थे तो उनकी उचित योजना बनाकर समय रहते काम पूरा किया जाना चाहिए था। लेकिन बिना समुचित व्यवस्था के सड़कों की खुदाई ने पूरे शहर की व्यवस्था बिगाड़कर रख दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर त्योहारों के समय शहरवासियों और व्यापारियों को इस तरह की परेशानियों का सामना क्यों करना पड़ रहा है??
