डीसी की फटकार से सिटी स्टेशन रोड़ पर रातों-रात बने स्पीड ब्रेकर और दुरूस्त किए अधूरे कट
समाधान शिविर में समस्या सामने आने पर डीसी साहिल गुप्ता ने तुरंत मौके पर भेजा था हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कर्मचारी को
भिवानी, 03 नवंबर।
समाधान शिविर के दौरान डीसी साहिल गुप्ता की सख्ती काम आई। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने शहीद भगत सिंह चौक से सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मुख्य सडक़ मार्ग पर रातों-रात स्पीड ब्रेकर बनवाए और अवैध कटों पर अधूरे कार्य को पूरा करवाया। इससे जहां एक तरफ यहां से हर रोज गुजरने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्रवासियों ने डीसी का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है अभी कुछ समय पहले ही शहीद भगत सिंह चौक से सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मुख्य सडक़ मार्ग पर डिवाईडर को बनाने व सडक़ मार्ग के नवीनीकरण का कार्य हुआ है, लेेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा सेक्टर 13 से सिटी स्टेशन पर मिलाने वाली सडक़ पर और नेता जी सुभाषचंद्र बोस ग्रीन बेल्ट से सेक्टर 23 में उतरने वाली सडक़ के पास कटों को अधूरा छोड़ दिया गया। इतना ही नही इस मुख्य सडक़ पर कहीं भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए, जबकि कई जगहों पर कट होने के चलते यहां पर अक्सर हादसे होते हैं।
सोमवार को डीसी के संज्ञान में लाया गया मामला
सोमवार को समाधान शिविर के दौरान डीएसपी अनूप कुमार द्वारा इस सडक़ पर कोई स्पीड ब्रेकर न होने व कटों को अधूरा छोडऩे का मामला डीसी साहिल गुप्ता के संज्ञान में लाया गया। डीसी उसी समय बैठक में मौजूद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कर्मचारी को मौके पर भेजते हुए शाम तक अवैध कटों को दुरूस्त करने व उचित जगहों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के सख्त निर्देश दिए थे। डीसी के निर्देश मिलते कर्मचारी उसी समय मौके पर पहुंचे और सोमवार रात को ही कटों को दुरूस्त करवाया और स्पीड ब्रेकर बनवाए। इससे जहां एक तरफ यहां गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्रवासियों ने डीसी साहिल गुप्ता का आभार जताया है।
डिवाईडर का काम है अभी भी अधूरा
हालांकि डीसी के आदेश पर हुए कार्य से लोगों को राहत मिली है, लेकिन इस सडक़ मार्ग पर डिवाईडर का कार्य अभी अधूरा पड़ा है। जहां तक ग्रील लगाई गई हैं, वहां डिवाईडर के अंदर भारी मात्रा में पत्थर व कचरा पड़ा है। सडक़ के दोनों तरफ भी रोड़ी व कचरा होने से सडक़ पर दुपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने डीसी के माध्यम से डिवाईडर के अंदर और बाहर दोनों तरफ सफाई व्यवस्था दुरूस्त करवाने की मांग की है।
