-डीसी वर्षा खांगवाल ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम व विवरण की जांच करने की अपील की
विशेष अभियान के दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
झज्जर, 09 सितंबर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए 12-13 सितंबर तथा 26-27 सितंबर को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिला के सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे और नागरिकों व छात्र मतदाताओं से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाने का आह्वान
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज एवं घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल करवाने के लिए दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।
मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का करें प्रयोग
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार का संशोधन करवाने के लिए निर्धारित दस्तावेज एवं घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
अपात्र या मृत मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 में दर्ज कराएं आपत्ति
डीसी ने बताया कि किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता का नाम हटवाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
30 सितंबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं। विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अथवा निर्वाचक पंजीयन अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
मतदाता हेल्पलाइन 1950 से भी प्राप्त करें जानकारी
डीसी ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
नागरिकों की भागीदारी से सजग लोकतांत्रिक व्यवस्था को बढ़ावा : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाए तथा अपने मतदाता विवरण की जांच कर यह सुनिश्चित करे कि नाम और अन्य विवरण सही रूप से दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से 12-13 सितंबर तथा 26-27 सितंबर को आयोजित विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
