*9 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर लगेंगे विशेष शिविर, नोटिस का होगा समयबद्ध निपटान : मंडलायुक्त मोनिका मलिक*

 
*9 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर लगेंगे विशेष शिविर, नोटिस का होगा समयबद्ध निपटान : मंडलायुक्त मोनिका मलिक*

*रोहत्क की मंडलायुक्त ने बादली व बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण*

*बादली/ बहादुरगढ़ झज्जर, 08 अक्टूबर।*

 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत वोटर्स से जुड़े नोटिस के निपटान के लिए 9 अक्टूबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने गुरुवार को बादली और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के सोलधा मतदान केंद्र का निरीक्षण कर विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं और कार्य प्रगति का जायजा लिया।

मंडलायुक्त ने गांव सोलधा स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष शिविर का उद्देश्य नोटिस का समयबद्ध एवं नियमानुसार निपटान सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी बीएलओ पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच और एसडीएम बादली विशाल कुमार ने एसआईआर कार्यों की जानकारी दी।  

*बीएलओ घर-घर जाकर भी प्राप्त करें जरूरी दस्तावेज*

रोहतक की मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने कहा कि जिन बीएलओ के पास नोटिस का निपटान लंबित है, वे केवल शिविरों तक सीमित न रहें, बल्कि आवश्यकता के अनुसार घर-घर जाकर मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करें और लंबित नोटिसों का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेज प्राप्त कर समय पर कार्रवाई पूरी की जाए।

*सभी ईआरओ-एईआरओ करें विशेष शिविरों की निगरानी*

मंडलायुक्त ने कहा कि 9 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों का नियमित निरीक्षण करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बीएलओ को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, गंभीरता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वहन किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

* *सभी बीएलओ मतदान केंद्रों पर रहेंगे उपस्थित*

मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष शिविरों के दौरान सभी संबंधित बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निर्धारित तिथि और स्थान पर कोई बीएलओ अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन कार्यरत अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए लंबित नोटिस के निपटान की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाएं। मंडलायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 का कार्य पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिन्होंने अभी तक दस्तावेज जमा नहीं कराए हैं,ऐसे मतदाता इस विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए अपने दस्तावेज बीएलओ को जमा कराएं। ताकि योग्य वोटरों के नाम 6 नवम्बर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।