- नेकपुर गांव में कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को दिलाया योजनाओं का लाभ
- लाडो लक्ष्मी, दीन दयाल योजना व बुढ़ापा पेंशन का लाभ पाकर लाभार्थियों ने जताया आभार
फरीदाबाद, 18 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आज नेकपुर गांव में 26 विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया गया। इन कैंपों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र नागरिकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया गया। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अपनी पात्रता के अनुसार सेवाओं का लाभ लिया।
आयोजित कैंपों में लाडो लक्ष्मी योजना, दीन दयाल योजना तथा बुढ़ापा पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं दस्तावेजों की जांच करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कैंप में पहुंचे लाभार्थियों ने सरकार द्वारा गांव स्तर पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाने की सराहना की। लाभार्थियों ने कहा कि गांव में ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी से उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका लाभ लेने में सुविधा हुई है। उन्होंने कहा कि योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र नागरिकों तक सुगम तरीके से पहुंचाना तथा लोगों को कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। ग्रामीणों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर सरकार का आभार व्यक्त किया।
