बाल विवाह रोकने के लिए गांवों और वार्डों में प्रभावी ढंग चलाया जाए विशेष जागरूकता अभियान
21 दिसंबर तक संचालित हो रहा 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान
बाल विवाह की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस करेंगे तत्काल कार्रवाई : डीसी
बाल विवाह की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1098 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें
झज्जर, 11 नवंबर।
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत जिला झज्जर में जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय विशेष जागरूकता मॉड्यूल संचालित किया जा रहा है। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के तहत गांवों और शहरी वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
बाल विवाह रोकना प्रशासन के साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी
डीसी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके सुरक्षित भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक कुरीति है। इसे समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए।
सूचना मिलते ही होगी तत्काल कार्रवाई
डीसी वर्षा खांगवाल ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की सूचना मिलते ही तुरंत संज्ञान लिया जाए तथा जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गांवों और वार्डों में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ बाल विवाह की रोकथाम के लिए सतर्कता भी बरती जाए।
हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें बाल विवाह की सूचना
डीसी ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है या ऐसी कोई आशंका दिखाई देती है तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें। समय पर दी गई सूचना से बाल विवाह जैसी घटना को रोका जा सकता है और बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
ऑनलाइन संकल्प लेकर अभियान से जुड़ें नागरिक
डीसी ने बताया कि आमजन बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के मेरी सरकार पोर्टल पर जाकर भी ऑनलाइन प्रतिज्ञा ले सकते हैं। इसके लिए https://pledge.mygov.in/bal-vivah-mukht-bharat/ लिंक पर जाकर बाल विवाह के विरुद्ध संकल्प लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक जागरूकता, सतर्कता और सहभागिता से ही संभव है।
