जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. कमल गुप्ता

 
 जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. कमल गुप्ता

हिसार, 15 अक्टूबर। भाजपा जिला कार्यालय में आज पूर्व स्वास्थ्य एवं
नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन
की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर
बातचीत कर अनेक शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जनसंवाद के
दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व तथा सामाजिक
सुरक्षा योजनाओं से संबंधित विभिन्न मामलों पर लोगों ने अपनी समस्याएं
रखीं।

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध
समाधान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि
सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक
पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लोगों की व्यावहारिक कठिनाइयों का प्रभावी
समाधान करना है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की
समस्या होने पर बिना संकोच भाजपा जिला कार्यालय में संपर्क करें, ताकि
संबंधित विभागों के माध्यम से उसका शीघ्र निवारण कराया जा सके।

इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि कुछ विपक्षी दलों के नेता देश में भ्रम
और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो राष्ट्रहित के
अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्ति की राजनीति में विपक्ष
के कुछ दल विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि
केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के
साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता
विकास, स्थिरता और सुशासन की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। इस अवसर
पर सुरेश गोयल धूप वाला, राम चन्दर गुप्ता, अशोक मित्तल, धर्मवीर पानू,
प्रोमिला पुनिया, बलबीर भूम्बक,संजय कपूर, सुभाष जांगड़ा आदि उपस्थित
रहें।