हर सोमवार और वीरवार लगेगा समाधान शिविर, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

 
हर सोमवार और वीरवार लगेगा समाधान शिविर, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

रोहतक, 10 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली हर समस्या / शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध उचित निपटारा सुनिश्चित किया जाये। नागरिकों की हर विभाग से संबंधित प्रत्येक समस्या के एक छत के नीचे तुरंत निदान के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है।
 

सतबीर सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला तथा महम में समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के दृष्टिगत आयोजित किये जा रहे समाधान शिविरों में हर नागरिक की समस्या को सुना जाता है तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों द्वारा इन समस्याओं के निपटारे की आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाती है।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों में आने वाले नागरिकों की हर समस्या के उचित समाधान के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। समाधान शिविरों में नागरिकों द्वारा साधारण कागज पर हाथ से लिखी गई समस्याओं की सुनवाई की जाती है तथा लिखने-पढ़ने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए समाधान शिविर में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। नागरिक अपनी समस्या को साधारण कागज पर ही हाथ से लिखकर लाये।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। जिला मुख्यालय पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रतिनिधियों में सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, सतीश चौधरी एवं डॉ. अंकुश बिड्डू मौजूद रहे। सांपला उपमंडल तथा महम उपमंडल में संबंधित उपमंडलाधीशों की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किये गये, जिनमें नागरिकों की समस्याएं सुनी गई।