नशामुक्ति और फिटनेस को लेकर सोसाइटियां आएंगी आगे, मैराथन रूट पर होगा खास उत्साह

 
नशामुक्ति और फिटनेस को लेकर सोसाइटियां आएंगी आगे, मैराथन रूट पर होगा खास उत्साह

फरीदाबाद । आगामी 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अंजली श्रोत्रिया ने शहर की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) एवं सोसाइटियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सोसाइटी प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं और परिवारों की मैराथन में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ एक बड़े उत्सव के रूप में सफल बनाएं।

एडीसी अंजली श्रोत्रिया ने बताया कि हाफ मैराथॉन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई हैं। सामान्य प्रतिभागियों के लिए 5 किलोमीटर की श्रेणी है, जबकि नियमित एवं अनुभवी धावक 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर की श्रेणी में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैराथन का आयोजन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर निर्धारित रूट से होते हुए पुनः सूरजकुंड मेला ग्राउंड पर संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाफ मैराथॉन को फ्लैग ऑफ करेंगे।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन इस बार पहले से भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। विशेष रूप से 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन में देश-विदेश से धावक भाग लेंगे। ऐसे में यह आयोजन फरीदाबाद की पहचान और शहर की सकारात्मक छवि को देश-विदेश तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सोसाइटियां अपनी रचनात्मकता के माध्यम से फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति के संदेश को और प्रभावी बना सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रोत्साहन एवं जागरूकता के लिए सोसाइटियां अपनी सुविधानुसार थीम आधारित सजावट, संदेश, पोस्टर अथवा अन्य गतिविधियां आयोजित करें, बशर्ते उनका उद्देश्य सकारात्मक एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ा हो। बैठक में विभिन्न सोसाइटियों के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक धावकों की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे तथा मैराथन रूट पर धावकों के उत्साहवर्धन एवं स्वागत के लिए प्रोत्साहन गतिविधियां आयोजित करेंगे।

एडीसी अंजली श्रोत्रिया ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के लिए अब तक 1,11,048 पंजीकरण हो चुके हैं। उन्होंने इच्छुक प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लेने के लिए फरीदाबाद हाफ मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट www.faridabadhalfmarathon.in पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं।

बैठक में नगर निगम जॉइंट कमिश्नर अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।