कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे अध्यक्षता, यातायात सुधार कार्यों की होगी समीक्षा
हिसार, 05 नवंबर।
हिसार शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सडक़ों को जाम मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा गठित विशेष समिति की छठी बैठक 6 नवंबर को 11 बजे आयोजित की जाएगी। लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने, सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप यातायात व्यवस्था विकसित करने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में हिसार विधायक सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता, महापौर प्रवीण पोपली सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा वर्तमान में चल रहे विकास एवं सुधार कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी। बैठक को लेकर लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, आरटीए, जनस्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, बिजली निगम, एचएसवीपी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित नवीनतम प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित रहें।
