Sir 2026: सुनवाई का नोटिस मिलने पर एईआरओ के पास अपना पक्ष रखने जरूर पहुंचे मतदाता : डीसी
झज्जर, 09 अगस्त। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप फोटोयुक्त मतदाता सूची में अपना नाम, पता व अन्य विवरण जरूर जांचें। यदि किसी दावे या आपत्ति के संबंध में सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है तो मतदाता निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों सहित पक्ष रखें।
उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है। 30 अगस्त 2026 तक नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन तथा अन्य त्रुटियों से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इनका निस्तारण 28 सितंबर तक होगा, जबकि अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
नाम नहीं है तो फॉर्म-6 से करें आवेदन
डीसी ने कहा कि प्रारूप सूची में पात्र नागरिक का नाम नहीं है तो वह 30 अगस्त तक संबंधित बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रारूप सूची में नाम नहीं मिलने का अर्थ वोट स्थायी रूप से कटना नहीं है।
वोटर लिस्ट में गलत विवरण के लिए फॉर्म-8 से कराएं सुधार
डीसी ने बताया कि नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर मतदाता फॉर्म-8 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से संबंधित ईआरओ/एईआरओ के पास आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपनी जानकारी ceoharyana.gov.in पर भी जांच सकते हैं तथा सहायता के लिए बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता जांचें अपना नाम
डीसी वर्षा खांगवाल ने झज्जर, बेरी, बादली और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदाताओं से प्रारूप सूची में अपना नाम व विवरण सावधानीपूर्वक जांचने की अपील की। दावे-आपत्तियों की सुनवाई के लिए बूथ के अनुसार एईआरओ और स्थान निर्धारित किए गए हैं। नोटिस मिलने पर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना जरूरी है।
1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर जारी है एसआईआर
डीसी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए एसआईआर अभियान चल रहा है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों और राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।
