श्रुति चौधरी की अफसरों को हिदायत: मंडी में गेट पास से लेकर फसल भुगतान तक किसानों को न हो कोई परेशानी

कहा-किसानों की सुविधा और सुचारू फसल खरीद सरकार की प्राथमिकता

 

 

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर-हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों को गेट पास से लेकर फसल खरीद, माप-तोल, उठान और फसल की कीमत के भुगतान तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज भिवानी अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद एवं किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में एक किसान के गेट पास की बायोमेट्रिक प्रक्रिया स्वयं कराकर पूरी व्यवस्था की जांच की।

उन्होंने मंडी में फसल में नमी की जांच, खरीद प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री ने मंडी में बिजली और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने तथा शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद सीजन के दौरान कैंटीन नियमित रूप से संचालित करने तथा किसानों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को मंडी की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा और सुचारू फसल खरीद सरकार की प्राथमिकता है तथा मंडियों में खरीद प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक स्तर पर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।