श्री विष्णु क्लब की भव्य रामलीला संपन्न, श्री राम राज्याभिषेक के साथ गूंजी 'जय श्री राम' की गूंज
श्री विष्णु क्लब की भव्य रामलीला संपन्न, श्री राम राज्याभिषेक के साथ गूंजी 'जय श्री राम' की गूंज
अरमान खुंगर ने 2 लाख 16 हजार की बोली लगाकर जीता राम दरबार का सिक्का
सिरसा।
शहर के प्रतिष्ठित मंच श्री विष्णु क्लब में चल रही भव्य रामलीला का अत्यंत धूमधाम और अलौकिक दृश्यों के साथ ऐतिहासिक समापन हो गया। रामलीला के अंतिम दिन मंच पर रावण वध के बाद के उन पावन और प्रेरणादायी प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल में मौजूद हज़ारों रामभक्तों की उपस्थिति ने इस समापन समारोह को एक ऐतिहासिक आयोजन बना दिया। क्लब के प्रधान दीपक सेठी व महासचिव प्रेम शर्मा ने बताया कि लंका पर विजय प्राप्ति के पश्चात धर्म और सत्य के प्रतीक विभीषण का लंका नरेश के रूप में राजतिलक किया गया। इसके साथ ही माता सीता की पवित्रता साबित करने वाली अग्नि परीक्षा के भावुक प्रसंग ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। 14 वर्ष का वनवास पूरा कर प्रभु श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता का अयोध्या आगमन हुआ, जहां भाई भरत और अयोध्यावासियों ने उनका आंसुओं और फूलों से भव्य स्वागत किया। अयोध्या के सिंहासन पर प्रभु श्री राम के विराजित होते ही पूरा पंडाल 'जय श्री राम' के जयकारों से गूंज उठा। इस दृश्य ने उपस्थित हर एक शख्स को भक्ति-भाव से सराबोर कर दिया। राम राज्याभिषेक के उपलक्ष्य में आयोजित पारंपरिक 'सिक्के की बोली' इस बार मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान दानवीरों और रामभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कड़े मुकाबले के बाद अरमान खुंगर ने 2 लाख 16 हज़ार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर श्री राम दरबार का सिक्का अपने नाम किया। क्लब की ओर से दोनों युवाओं को इस धार्मिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए सम्मानित किया गया। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में दिन-रात एक करने वाले श्री विष्णु क्लब के सभी पदाधिकारी, अपने बेहतरीन अभिनय से किरदारों में जान फूंकने वाले कलाकार और हर कदम पर आर्थिक व नैतिक सहयोग देने वाले तमाम सहयोगकर्ताओं को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। क्लब के पदाधिकारियों ने सफल रामलीला मंचन के लिए सभी शहरवासियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और अगले वर्ष इसे और भी भव्य रूप देने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने फूलों की होली खेली। इस मौके पर दीपक सेठी, प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज, सुभाष मेहरा, अरविंद साहनी, सुरेश गुगलानी, विकास सेठी, अरुण भारद्वाज, अशोक शर्मा, विकास सुखीजा,रोहित मेहता, लवली बजाज, केवल सेठी, वीरेंदर वधवा, टिंकू सिंह नेगी, दीपक ऐलावादी, अंकुश मेहता, साहिल शर्मा, अजय डोडा, रिंकू शर्मा, रवि शर्मा, विकास ऐलावादी, धीरज ग्रोवर, पंकज ग्रोवर, रूपांश चावला, प्रिंस शर्मा, शंटी ग्रोवर, साकु, सुनील तनेजा,वंश, नरेंद्र चोपड़ा, अंकित शर्मा, लोकेश, जतिन नागपाल,राकेश ग्रोवर, अजय कैथ इत्यादि उपस्थित रहे।
