सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज : सर्वश्रेष्ठ नवाचार को मिलेगा पांच लाख रुपये तक का पुरस्कार
विद्यार्थी, शोधकर्ता, स्टार्टअप संचालक, स्थानीय उद्यमी पेशेवर आदि ले सकते हैं कार्यक्रम मे हिस्सा
ऑनलाइन होगा पंजीकरण, जिला स्तरीय विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार, राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेंगे 5-5 लाख रुपये
सिरसा, 13 अक्टूबर।
सरकार की ओर से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और नवप्रवर्तकों के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों के माध्यम से समाज की जमीनी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान तलाशना तथा ‘हर नागरिक नवप्रवर्तक बन सकता है’ की भावना को प्रोत्साहित करना है।
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत प्रतिभागियों को अपने नवाचार और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यही नहीं जिला स्तर पर सिरसा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जिले से तीन अन्य उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा।
राज्य स्तर पर अंतिम प्रस्तुति के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों में से प्रत्येक को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, चैलेंज में भाग लेने वाले सभी आवेदकों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में सिरसा जिले से जुड़े विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी एवं शोधकर्ता, पॉलिटेक्निक और अन्य डिग्री व इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी, स्टार्टअप संचालक, स्थानीय उद्यमी, पेशेवर, जमीनी स्तर पर नवाचार करने वाले व्यक्ति तथा अन्य युवा भाग ले सकते हैं।
यदि किसी प्रतिभागी के पास कृषि, तकनीक, पर्यावरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रशासन या दैनिक जीवन से जुड़ी किसी समस्या के समाधान के लिए कोई अनूठा विचार, उत्पाद या व्यावहारिक योजना है, तो वह इस योजना के माध्यम से अपना विचार प्रस्तुत कर सकता है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपयोगी नवाचारों को प्रोत्साहित करना और उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है।
इच्छुक प्रतिभागी अपने विचार और समाधान ऑनलाइन जमा करने के लिए आधिकारिक पोर्टल www.sevafirstinnovationchallenge.startupharyana.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सिरसा के विद्यार्थियों, युवाओं, उद्यमियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा अपने अभिनव विचारों के माध्यम से जिले और प्रदेश के विकास में योगदान दें।
